रांची: झारखंड कैडर के 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में जेल महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर तैनात सुदर्शन मंडल की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, सुदर्शन मंडल को दिल का दौरा पड़ा है। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही निगरानी
अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम सुदर्शन मंडल के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। उनका कार्डिएक ट्रीटमेंट जारी है और आवश्यक चिकित्सीय जांच भी की जा रही है।
अस्पताल प्रबंधन और पुलिस विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।
स्वास्थ्य लाभ की कामना
जेल आईजी सुदर्शन मंडल के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में चिंता का माहौल है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

