रांची: राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित नारों बाजार टांड में रविवार सुबह दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। बाइक सवार दो अपराधियों ने एक ज्वेलरी कारोबारी की बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
दुकान का ताला खोलते ही बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, नारों बाजार स्थित राधे कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार सोनी रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। वह दुकान के आभूषण एक बैग में रखकर बाइक की डिक्की में लाए थे। जैसे ही उन्होंने दुकान का ताला खोलना शुरू किया, पहले से घात लगाए पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी बाइक की डिक्की तोड़ दी और जेवरों से भरा बैग लेकर पिस्का रेलवे फाटक की ओर फरार हो गए।
प्रारंभिक आशंका है कि अपराधी पहले से ही कारोबारी की रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
4 किलो चांदी और 60 ग्राम सोना चोरी
पीड़ित व्यवसायी ने नगड़ी थाना में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, चोरी हुए बैग में करीब 4 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 60 ग्राम सोने के जेवर रखे थे। इनकी कुल बाजार कीमत लगभग 8 से 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले
घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पिस्का रेलवे फाटक से लेकर रिंग रोड तक अपराधियों की तलाश में छापेमारी की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध अपराधी वारदात के बाद तेजी से भागते हुए दिखाई दिए हैं।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उनकी पहचान के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

