रांची : रांची जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 18 वर्षीय युवक ने अपनी 18 वर्षीय प्रेमिका की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कांची नदी के किनारे छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान हिस्सी कुमारी के रूप में हुई है। घटना 17 जून की बताई जा रही है, जबकि युवती का शव 23 जून को बरामद किया गया था।
प्रेम प्रसंग और शक बना हत्या की वजह
रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने बताया कि आरोपी चेतन मुंडा (18) को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 जून को उसने अपनी प्रेमिका को गांव के ही एक अन्य युवक के साथ देखा था। इसके बाद उसे संदेह हुआ कि युवती उसे धोखा दे रही है।
नदी किनारे बुलाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, 17 जून को आरोपी ने युवती को कांची नदी के किनारे मिलने के लिए बुलाया। वहां दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बहस के दौरान युवती ने उसके साथ संबंध आगे जारी रखने से इनकार कर दिया।
इससे गुस्से में आकर आरोपी ने कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को छह फीट गहरे गड्ढे में दफनाकर घटनास्थल से फरार हो गया।
मोबाइल फोन से मिला अहम सुराग
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसके आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ीं। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

