गोड्डा: जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा अमरपुर पंचायत के मुरूडेडे गांव में 35 वर्षीय महिला होपनमय चोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में मृतका के पति मनु हसदा पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है।
ग्रामीणों ने लगाया हत्या का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मनु हसदा शराब का आदी है और अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट तथा झगड़ा करता था। गुरुवार की रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर घर में रखी धोती से पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
झगड़े की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि घर से झगड़े की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला मृत अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोड्डा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक बिशनदेव चौधरी तथा राजाभीठा थाना प्रभारी योगेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर हत्या में प्रयुक्त धोती भी बरामद की है।
पति ने हत्या से किया इनकार, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल आरोपी पति हत्या के आरोप से इनकार कर रहा है और इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

