रांची: भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय तथा मुखर्जी पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
इसके साथ ही राज्य के विभिन्न मंडलों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था जीवन
श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को एक नई वैचारिक दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए डॉ. मुखर्जी का संघर्ष और राष्ट्रहित में दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उनका जीवन और विचार आज भी राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय स्वाभिमान की प्रेरणा देते हैं।
राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है उनका जीवन
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन हमें राष्ट्रसेवा के मार्ग पर दृढ़ता, निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए उनके प्रयास आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी डॉ. मुखर्जी के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
भाजपा नेताओं ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भी दोहराया।

