जमशेदपुर : शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में सिदगोड़ा सूर्य मंदिर क्षेत्र में पुलिस द्वारा एक स्नैचर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए जाने के बावजूद अपराधियों के हौसले कम होते नहीं दिख रहे हैं। रविवार सुबह इसी इलाके में एक महिला से सोने की चेन छीन ली गई।
जानकारी के अनुसार, रीना मिश्रा सुबह टहलने के लिए घर से निकली थीं। जैसे ही वह सूर्य मंदिर के पास पहुंचीं, पीछे से एक स्कूटी सवार बदमाश आया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे महिला संभल भी नहीं पाईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद रीना मिश्रा ने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
दो महीनों में 25 से अधिक महिलाएं बनीं शिकार
शहर में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं ने खासकर महिलाओं के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले दो महीनों में 25 से अधिक महिलाएं चेन स्नैचिंग की शिकार हो चुकी हैं।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
हाल ही में टेल्को क्षेत्र में स्नैचिंग की घटना के बाद भाग रहे अपराधियों का पुलिस से सामना हुआ था। इसके बाद सिदगोड़ा सूर्य मंदिर इलाके में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें एक घायल भी हुआ था। इसके बावजूद अपराधियों की सक्रियता बरकरार रहने से कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और पुलिस के सामने यह बड़ी चुनौती बन गई है।

