रांची : झारखंड में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिलने लगी है। बुधवार से मौसम ने करवट ली और राज्य के अधिकांश जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मेदिनीनगर को छोड़कर लगभग सभी जिलों में मौसम पहले की तुलना में सुहाना रहा। कई इलाकों में बारिश हुई और ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में हुई बारिश
बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खूंटी में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बोकारो में 16 मिमी और जमशेदपुर में करीब पांच मिमी बारिश हुई।
राजधानी रांची के कई इलाकों में भी हल्की और छिटपुट बारिश देखने को मिली। बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से उमस और गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली।
मेदिनीनगर अब भी सबसे गर्म
हालांकि मेदिनीनगर में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। वहां तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा था।
वहीं राजधानी रांची के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि आने वाले एक-दो दिनों में मेदिनीनगर के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
दो टर्फ सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार मौसम में आए इस बदलाव के पीछे दो अलग-अलग टर्फ सिस्टम सक्रिय हैं। एक टर्फ उत्तरी बिहार से तेलंगाना की ओर जा रहा है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश से ओडिशा की दिशा में सक्रिय है।
इसी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम में बदलाव आया है और गर्मी का असर कम होने लगा है।
2 जून तक जारी रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग ने बताया कि 28 और 29 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अन्य इलाकों में तेज गर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। कई जगहों पर बारिश होने की भी संभावना है।
30 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी तेज हवा, गरज-चमक और बारिश के आसार हैं। वहीं 31 मई से 2 जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
वज्रपात और तेज आंधी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा है।

