रांची : झारखंड में मई की भीषण गर्मी के बीच हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार रांची में दोपहर और रात के दौरान करीब 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं की रफ्तार कई जगहों पर 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई, जिससे पेड़ों की टहनियां टूटने और आवाजाही प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं।
चाईबासा में सबसे ज्यादा बारिश
राज्य में सबसे अधिक वर्षा चाईबासा में दर्ज की गई, जहां करीब 20 मिलीमीटर बारिश हुई।
तापमान की बात करें तो रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में 36 डिग्री, बोकारो में 34.1 डिग्री और चाईबासा में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
14 मई को मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग ने बताया है कि 14 मई को झारखंड के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
15 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
15 मई को मौसम और अधिक खराब हो सकता है। मौसम विभाग ने गोड्डा , साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना है। विभाग ने लोगों से बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
16 मई को रांची समेत कई जिलों में अलर्ट
16 मई को रांची सहित पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
19 मई तक बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 19 मई तक झारखंड में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

