रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार सुबह से रांची सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है, जिसके साथ कई स्थानों पर मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की गतिविधियां भी देखी जा रही हैं। लगातार हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 28, 29 और 30 अप्रैल के साथ-साथ 1 और 2 मई तक तापमान में कमी का यह दौर जारी रहने की संभावना है।
राज्य में बादल छाए रहने के आसार
मौसम विभाग ने बताया है कि रांची समेत पूरे झारखंड में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र—पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात का खतरा
28 अप्रैल को राज्य के दक्षिणी जिलों—पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा मध्य भाग के जिलों—रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। मेघगर्जन और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।
किसानों को राहत, नुकसान की भी आशंका
बारिश से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी यह लाभकारी साबित हो सकती है। हालांकि तेज हवा और वज्रपात के कारण फसलों और पेड़ों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

