धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के भौरा इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। जीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर नकाबपोश अपराधियों ने अचानक हमला कर इलाके में दहशत फैला दी।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
चार राउंड फायरिंग, लाठी-डंडों से भी हमला
मिली जानकारी के अनुसार, नकाबपोश हमलावरों ने करीब चार राउंड फायरिंग की। इसके अलावा लाठी-डंडों से भी हमला किया गया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ समय के लिए पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
एटक नेता पर हमले की आशंका
बताया जा रहा है कि एटक के एक सचिव अपने समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जीएम कार्यालय पहुंचे थे। बातचीत के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, तभी हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को भी नुकसान पहुंचाया और फिर फरार हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

