रांची में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एदलहातु क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का खुलासा हुआ है।
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि एक किराए के मकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से इस्तेमाल कर रिफिलिंग और कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर देर रात टीम ने छापा मारा और मौके से बड़ी मात्रा में सिलेंडर और उपकरण बरामद किए।
भारी मात्रा में सिलेंडर और उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने 14.2 किलोग्राम के इंडेन के 3 भरे और 2 खाली सिलेंडर, एक एचपी भरा सिलेंडर, 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर और 19.2 किलोग्राम के 2 व्यावसायिक सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और डिजिटल वजन मशीन भी जब्त की गई।
मौके पर ही सभी बरामद सामग्री की जप्ती सूची तैयार की गई और सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिया गया।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस पूरे मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की आगे जांच में जुट गई है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उपायुक्त ने बताया कि हाल के दिनों में गैस की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी की जा रही है।
लोगों से अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन या संबंधित थाने को दें, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

