जमशेदपुर: झारखंड सरकार की महत्त्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के अंतर्गत पूर्वी सिंहभूम जिले की दो लाख सात हजार महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने इनके बैंक खातों में कुल ₹71.75 करोड़ की राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गुरुवार से यह राशि ट्रांसफर होना शुरू हो गई है और आगामी दो-तीन दिनों में सभी लाभुकों को भुगतान मिल जाने की उम्मीद है।
झारखंड मइयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं को अप्रैल माह की किस्त
इस योजना के तहत लाभुक महिलाओं को प्रति माह ₹2500 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। पूर्वी सिंहभूम जिले के अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल माह की किस्त का आवंटन बुधवार को प्राप्त हुआ था, जिसके बाद भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई गई है।
इस बार 1.87 लाख महिलाओं को अप्रैल की ₹2500 की मासिक राशि भेजी जा रही है। ये वे लाभुक हैं जिनकी जांच पहले ही पूरी हो चुकी है और जिन्हें जनवरी से मार्च की तीनों किश्तें पहले ही दी जा चुकी हैं।
20 हजार नई पात्र महिलाओं को चार माह की राशि एकमुश्त
वहीं 20 हजार महिलाओं की हाल में पूरी हुई जांच के बाद उन्हें योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। इन महिलाओं को जनवरी से अप्रैल तक की चार माह की राशि यानी कुल ₹10,000 सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की जा रही है। इसके लिए सरकार ने ₹20 करोड़ की राशि आवंटित की है।
मइयां सम्मान योजना में 57 हजार महिलाएं अब भी जांच के दायरे में
पूर्वी सिंहभूम जिले में मइयां सम्मान योजना से कुल 2.64 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इनमें से अभी 57 हजार लाभुकों की पात्रता की जांच चल रही है। इन महिलाओं को फिलहाल कोई भुगतान नहीं हुआ है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे-जैसे इन महिलाओं की जांच पूरी होगी और वे पात्र पाई जाएंगी, वैसे ही उनके खातों में योजना की राशि भेज दी जाएगी।
मइयां सम्मान योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में बढ़ावा देना है। योजना के तहत हर पात्र महिला को ₹2500 प्रति माह की सहायता राशि दी जाती है। इससे महिलाओं की घरेलू स्थिति में सुधार के साथ-साथ उनकी सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है।